राम मंदिर धन कपट मामला: 8 आरोपियों से करोड़ों की नकदी, डॉलर, सोना-चांदी और निवेश के दस्तावेज बरामद
अयोध्या।
राम मंदिर से जुड़े कथित धन कपट मामले में जांच एजेंसियों की कार्रवाई के दौरान आठ आरोपियों के ठिकानों से भारी मात्रा में नकदी, विदेशी मुद्रा, सोना-चांदी और निवेश संबंधी दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी लवकुश मिश्रा के पास से 14 लाख 25 हजार रुपये, अनुकल्प के पास से 16 लाख 82 हजार 46 रुपये, अविनाश शुक्ला के पास से 20 लाख 39 हजार 220 रुपये तथा 1,121 अमेरिकी डॉलर बरामद किए गए हैं।
इसके अलावा करुणेश पांडे के पास से 18 लाख 7 हजार 63 रुपये, रमाशंकर मिश्रा के पास से 7 लाख 32 हजार 170 रुपये और रामाशंकर यादव उर्फ टिल्लू के पास से 1 लाख रुपये बरामद होने की जानकारी सामने आई है।
जांच के दौरान लगभग 11 ग्राम सोना, करीब 375 ग्राम चांदी, महंगे आभूषण तथा निवेश से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। जांच एजेंसियां बरामद संपत्ति और दस्तावेजों की जांच कर धन के स्रोत तथा मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं।
फिलहाल मामले की विवेचना जारी है। आरोप सिद्ध होने तक सभी आरोपी कानून की नजर में निर्दोष माने जाते हैं।






