ग्राम कायला में कच्चा मकान जमींदोज, तीन गंभीर घायल – झांसी रेफर

संवाददाता – पं. रिंकू तिवारी, पूँछ झांसी

🔴 मलबे में दबे 5 लोग, तीन की हालत गंभीर
🔴 घायल – मंगल सिंह, पत्नी उषा देवी व पुत्री रश्मि

🔴 दोनों मासूम बच्चों का इलाज मोठ अस्पताल में
🔴 मौके पर पहुंचे एसडीएम, दिए मदद के निर्देश

🔴 एमएलसी प्रतिनिधि डॉ. आरपी निरंजन ने दी ₹25,000 की आर्थिक सहायता

झांसी जनपद के थाना पूंछ क्षेत्र के ग्राम कायला में रविवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। सुबह करीब 4 बजे एक कच्चा मकान अचानक ढहकर जमींदोज हो गया। मलबे में दबकर गृहस्वामी मंगल सिंह पाल (60), उनकी पत्नी उषा देवी (55), पुत्री रश्मि (35) और रश्मि के दो मासूम बच्चे कनिष्क (3) व कारस (डेढ़ वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए।

चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को मलबे से बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से मोठ अस्पताल भिजवाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल मंगल सिंह, उषा देवी और रश्मि को झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहीं दोनों बच्चों की स्थिति सामान्य होने के कारण उनका इलाज मोठ अस्पताल में ही किया गया।

घायल के भतीजे उमेश पाल ने बताया कि मकान काफी पुराना और कच्चा बना हुआ था। हादसे की रात पूरा परिवार एक ही कमरे में सो रहा था। अचानक मकान भरभराकर गिर गया और सभी मलबे में दब गए। संयोग रहा कि कुछ दिन पहले ही रश्मि अपने मायके आई हुई थी और बच्चे भी उनके साथ थे। ग्रामीणों की तत्परता से बड़ी जनहानि टल गई।

सूचना मिलते ही एसडीएम मोठ अवनीश तिवारी पहले मोठ अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया। उन्होंने मेडिकल कॉलेज प्रशासन से संपर्क कर तीनों गंभीर घायलों को वहां भर्ती कराने की व्यवस्था कराई। बाद में एसडीएम ग्राम कायला भी पहुंचे और राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजने के निर्देश दिए। साथ ही पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया।

वहीं घटना की जानकारी मिलते ही एमएलसी प्रतिनिधि डॉ. आर.पी. निरंजन भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार की मदद के लिए ₹25,000 की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।

ग्राम कायला में इस हादसे से परिजनों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा

Share.