जालौन में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, कई दुकानदारों के चालान; व्यापारियों ने जताई नाराजगी
रिपोर्ट: महेश चौधरी | फोकस न्यूज 24×7, जालौन
जालौन। नगर में शुक्रवार को नवनियुक्त उपजिलाधिकारी राकेश सोनी के नेतृत्व में व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान की शुरुआत पानी वाली टंकी से हुई, जो सब्जी मंडी, प्रेस वाली गली, झंडा चौराहा और चूड़ी वाली गली तक संचालित किया गया।
अभियान के दौरान सड़क एवं सार्वजनिक मार्गों पर किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया। नगर पालिका और पुलिस की संयुक्त टीम ने कई ठेला-फेरी संचालकों तथा दुकानदारों के चालान किए, वहीं दुकानों के बाहर लगे त्रिपाल और अन्य अस्थायी अतिक्रमण भी हटाए गए।
इस दौरान उपजिलाधिकारी राकेश सोनी के साथ क्षेत्राधिकारी अजय कुमार सिंह, नगर पालिका परिषद जालौन के अधिशासी अधिकारी सुशील दोहरे, आरआई अनूप कुमार, क्राइम इंस्पेक्टर विनय मौर्य, चौकी प्रभारी मनीष तिवारी, नगर पालिका की टीम तथा पुलिस बल मौजूद रहा।
अभियान के दौरान कुछ व्यापारियों ने कार्रवाई पर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि बरसात के मौसम में दुकानें छोटी होने के कारण बाहर लगाए गए त्रिपाल हटने से वर्षा का पानी दुकानों में घुसकर सामान को नुकसान पहुंचा सकता है। व्यापारियों ने यह भी बताया कि पूर्व उपजिलाधिकारी रिंकू सिंह राही के कार्यकाल में नालियों की सफाई कराई गई थी और केवल नालियों के भीतर अतिक्रमण न करने के निर्देश दिए गए थे, जबकि त्रिपाल हटाने जैसी कार्रवाई नहीं की गई थी।
वहीं प्रशासन का कहना है कि सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने और यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन ने सभी दुकानदारों से स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने तथा नियमों का पालन करने की अपील की है।





