Spread the love

घने कोहरे और तेज रफ्तार के कारण जालौन में सड़क हादसा, यातायात बाधित

जालौन। शुक्रवार सुबह घने कोहरे के बीच जालौन-बंगरा मार्ग पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। चिप्स और कुरकुरे से भरी एक लोडर पिकअप, जो ग्वालियर से जालौन की ओर जा रही थी, ओवरटेक करने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गई। यह हादसा जालौन कोतवाली क्षेत्र के ग्राम छिरिया सलेमपुर के पास गिट्टी प्लांट के नजदीक हुआ।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप चालक ने कोहरे के बीच एक ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश की। कम दृश्यता और तेज रफ्तार के कारण वाहन सड़क पर पलट गया। इस दुर्घटना के बाद सड़क पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

 

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से पलटी हुई पिकअप को सड़क से हटवाया। लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद यातायात बहाल किया जा सका। राहत की बात यह रही कि पिकअप का चालक और क्लीनर हादसे में बाल-बाल बच गए।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह के समय सड़क पर घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे दृश्यता बेहद कम थी। इसके बावजूद पिकअप तेज गति से चल रही थी, जो हादसे का मुख्य कारण बनी।

 

 

 

Share.

कार्तिकेय गुबरेले(पत्रकार) जिला ब्यूरो चीफ क्राइम फोकस न्यूज 24×7 उरई (जालौन)