सेसा गांव में नाले के निर्माण में अनियमितता, ग्रामीणों ने लगाए घटिया निर्माण के आरोप

Focus News 24×7, पूंछ झांसी | रिपोर्टर: पं. विवेक तिवारी

झांसी के समीपस्थ ग्राम सेसा में निर्माणाधीन नाले को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि नाले के निर्माण में जमकर अनियमितताएं की जा रही हैं। यह नाला गांव के दोनों हिस्सों को जोड़ने और घरों के पानी निकासी का मुख्य साधन है, जो काफी समय से जर्जर अवस्था में था।

ग्रामीणों के अनुसार, नाले के निर्माण में मानक विहीन सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। निर्माण के दौरान ही नाले की दीवारें धंसने लगी हैं। गांव की ओर से आने वाली नाली के जोड़ों को बिना किसी उचित सपोर्ट के जोड़ दिया गया है। साथ ही, कम गुणवत्ता वाले सीमेंट के प्रयोग और तीन इंच गिट्टी पर ही दीवारें खड़ी करने के आरोप भी लगाए गए हैं।

सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि नाले की दिशा को भी मनमाने ढंग से मोड़ दिया गया है, जिससे पानी निकासी में समस्या आ सकती है। मौके पर मौजूद वर्करों ने एक कच्चे कागज पर नाले का अनुमानित स्टिमेट दिखाया, जिससे लोगों का संदेह और बढ़ गया।

शिकायत करने पर काम कर रही लेबर के विवाद की स्थिति भी सामने आई है। स्थानीय लोगों ने अधिकारियों से मांग की है कि निर्माण कार्य की जांच कर नाले को सही और मजबूत ढंग से बनाया जाए।

Share.