जगनेवा गांव में कोटेदार नियुक्ति की मांग को लेकर ग्रामीणों ने SDM से लगाई गुहार
जालौन तहसील क्षेत्र के ग्राम जगनेवा में पिछले माह से कोटेदार की नियुक्ति न होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी समस्या को लेकर सोमवार को गांव के लगभग एक सैकड़ा ग्रामीण जालौन तहसील पहुंचकर एसडीएम रिंकू सिंह राही से मिले और जल्द समाधान की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव के पूर्व कोटेदार को भ्रष्टाचार के आरोप में करीब 9 माह पहले निलंबित कर दिया गया था। इसके बाद से गांव में राशन वितरण की व्यवस्था प्रभावित हो गई है। वर्तमान में ग्रामीणों को लगभग दो किलोमीटर दूर ग्राम हीरापुर जाकर राशन लेना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि वहां पहुंचने के बाद भी यह निश्चित नहीं होता कि उन्हें राशन मिलेगा या नहीं, जिससे गरीब और मजदूर वर्ग के लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कोटेदार की नियुक्ति के लिए अब तक तीन बार बैठक तय की गई, लेकिन हर बार किसी न किसी कारण से बैठक निरस्त कर दी गई। इससे गांव के लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
एसडीएम रिंकू सिंह राही ने ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग और समाज कल्याण अधिकारियों से संपर्क कर जल्द समस्या के निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही बैठक आयोजित कर गांव में नए कोटेदार की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द गांव में कोटेदार की नियुक्ति कर राशन वितरण व्यवस्था सुचारु कराई जाए।
रिपोर्ट : फोकस न्यूज़ 24 into 7
महेश चौधरी, जालौन




