उप स्वास्थ्य केंद्र ओपारा में लापरवाही के आरोप, ग्रामीणों ने जताई नाराजगी

रिपोर्ट – अनुराग तिवारी, पत्रकार

चिरगांव (झांसी)। चिरगांव ब्लॉक के ग्राम ओपारा में बने उप स्वास्थ्य केंद्र की अव्यवस्थाओं को लेकर ग्रामीणों में गहरी नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि केंद्र पर तैनात चिकित्सक डॉ. आस्था गौर नियमित रूप से उपस्थित नहीं रहतीं और केवल कभी-कभार या फिर टीकाकरण के दिनों में ही केंद्र पर आती हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि आपात स्थिति में उन्हें प्राथमिक इलाज के लिए चिरगांव जाना पड़ता है, जिसके चलते कई बार मरीजों की जान भी जोखिम में पड़ जाती है।

स्वास्थ्य केंद्र की सफाई व्यवस्था भी बदहाल है। भवन के अंदर गंदगी का अंबार, गुटखे की पॉलिथीन, थूक के निशान और यहां तक कि शराब की बोतलें तक पड़ी रहती हैं। परिसर में लगा हैंडपंप महीनों से खराब है, जिससे मरीजों व परिजनों को पानी के लिए भी भटकना पड़ता है।

ग्रामीणों ने बताया कि शौचालय लंबे समय से गंदगी से भरा पड़ा है और कभी साफ नहीं किया गया। वहीं, अस्पताल के अंदर जानवरों का आना-जाना भी आम बात है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि उप स्वास्थ्य केंद्र को रोजाना खोला जाए और चिकित्सक की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए, ताकि गांव के लोगों को समय पर इलाज मिल सके और उन्हें चिरगांव तक न जाना पड़े।

Share.