जालौन: तेज रफ्तार कार घर में घुसी, चालक की मौत, एक गंभीर घायल

 

जालौन के उरई कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर घर में जा घुसी। इस हादसे में कार चला रहे युवक यतेंद्र कुमार (24) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साथ में मौजूद निशांत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

 

 

हादसा चुर्खी-जालौन बाईपास रोड पर दिवोलिया रिसोर्ट के पास हुआ। यतेंद्र कुमार, जो जालौन कोतवाली क्षेत्र के कुठोंदा बुजुर्ग गांव का रहने वाला था, अपने साथी निशांत कुमार (निवासी अटरा कला) के साथ शादी समारोह में शामिल होने आया था। रिश्तेदारों को छोड़ने के बाद वह चुर्खी रोड की ओर जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार के कारण कार का संतुलन बिगड़ गया और वह एक घर में जा घुसी।

 

हादसे में यतेंद्र कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। निशांत कुमार को स्थानीय पुलिस ने कार से निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे गंभीर स्थिति में हायर सेंटर रेफर कर दिया।

 

 

मृतक यतेंद्र कुमार के परिवार ने बताया कि वह मदारीपुर महाविद्यालय में बीटीसी का छात्र था और अपने दो भाइयों में सबसे बड़ा था। इस हादसे से परिवार में शोक का माहौल है।

 

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Share.

कार्तिकेय गुबरेले(पत्रकार) जिला ब्यूरो चीफ क्राइम फोकस न्यूज 24×7 उरई (जालौन)