श्रीरामपुर पुलिस ने 1134 लीटर शराब और 8 मोटरसाइकिलें पकड़ीं

प्रतापपुर देवरिया जिले के श्रीरामपुर थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 15 जुलाई 2026 को 1134 लीटर अवैध देशी शराब और 8 मोटरसाइकिलें जब्त कीं। इस मामले में बिहार के सीवान और गोपालगंज जिलों के रहने वाले 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।बरामद शराब में कुल 126 पेटियां शामिल हैं, जिनमें 103 पेटी ‘बंटी बबली’ ब्रांड की और 23 पेटी ‘रोमियो राजा’ ब्रांड की हैं। इन पेटियों में कुल 5670 पाउच थे। जब्त की गई 8 मोटरसाइकिलों के साथ 4 फर्जी नंबर प्लेट भी मिली हैं। जब्त शराब का अनुमानित मूल्य लगभग 3 लाख रुपये और वाहनों का मूल्य लगभग 4 लाख रुपये आंका गया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान विक्की राजभर (20 वर्ष), राहुल कुमार गुप्ता (19 वर्ष), दीपू कुमार बैठा (19 वर्ष), प्रियंशु कुमार सिंह (22 वर्ष), विशाल तिवारी (22 वर्ष), राहुल कुमार यादव (20 वर्ष), वंश सिंह (20 वर्ष) और नितेश कुमार पाठक (20 वर्ष) के रूप में हुई है। ये सभी आरोपी मुख्य रूप से बिहार के सीवान और गोपालगंज जिलों के निवासी हैं।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ मु०अ०सं० 0132/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61(2), 317(2), 341(2) और आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के तहत मामला दर्ज किया है।




