कस्तूरबा विद्यालय भटनी पहुंचे डीएम, पठन-पाठन, उपस्थिति पंजिका, अभिलेखीय व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण
■ छात्राओं से किया संवाद, शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने के दिए निर्देश
देवरिया जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने आज विकासखंड भटनी के रुपई स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पठन-पाठन व्यवस्था, उपस्थिति पंजिका, अभिलेखीय व्यवस्थाओं, छात्राओं की उपस्थिति तथा विद्यालय में उपलब्ध अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने छात्राओं की डिजिटल उपस्थिति की समीक्षा करते हुए विद्यालय में छात्राओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा एवं शिक्षण की गुणवत्ता हर हाल में बनाए रखी जाए तथा इसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय के रसोईघर, कक्षाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। कक्षा 6 एवं कक्षा 8 की छात्राओं से संवाद कर उनसे पाठ्यपुस्तक पढ़वाई तथा विषय से संबंधित प्रश्न पूछे। उन्होंने कहा कि पठन-पाठन की गुणवत्ता बेहतर होनी चाहिए और किसी भी छात्रा का ड्रॉपआउट न होने पाए। प्रत्येक छात्रा की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।
विद्यालय के वार्डन ने जिलाधिकारी को भवन में सीलन तथा बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से अवगत कराया। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर समस्या के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय के लगभग सभी शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।






