भारत विकास परिषद जालौन की नवीन कार्यकारिणी ने ग्रहण किया दायित्व, समाजसेवियों का हुआ सम्मान
जालौन। भारत विकास परिषद प्रमुख शाखा जालौन की नवीन कार्यकारिणी का दायित्व ग्रहण समारोह स्थानीय अभिनंदन गेस्ट हाउस में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रांतीय कोषाध्यक्ष एवं दीक्षा अधिकारी संजय मित्तल तथा प्रांतीय महासचिव एवं अधिष्ठापन अधिकारी नंदगोपाल अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनंत गुप्ता, सचिव अनुरुद्ध विश्नोई (नीटू), कोषाध्यक्ष राजकुमार सोनी सहित समस्त पदाधिकारियों को दायित्व एवं कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई गई। साथ ही परिषद के नए सदस्यों को भी समाज सेवा एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित रहने का संकल्प दिलाया गया।
इस अवसर पर प्रांतीय उपाध्यक्ष महावीर शरण गुप्ता, गतिविधि संयोजक उमाकांत गुप्ता एवं अन्य अतिथियों ने नगर की विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया। समाज सेवा के क्षेत्र में विष्णु दयाल गुप्ता, पत्रकारिता में निरंजन लाल माहेश्वरी, शिक्षा क्षेत्र में रमेश चंद्र श्रीवास्तव तथा कृषि क्षेत्र में कृपा शंकर खत्री को माल्यार्पण, शाल, प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन पवन अग्रवाल ने किया। समारोह में महिला सदस्यों ने महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर एवं अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता अभियान चलाने का संकल्प लिया।
समारोह में बड़ी संख्या में परिषद के सदस्य, व्यापारी, समाजसेवी, अधिवक्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। गल्ला व्यापार संघ के अध्यक्ष प्रेम दास गुप्ता, व्यापार मंडल अध्यक्ष श्यामजी गुप्ता, अधिवक्ता अमित श्रीवास्तव, समाजसेवी मधु सिंहल सहित अनेक प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की।
भारत विकास परिषद की नवीन कार्यकारिणी ने समाज सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता, शिक्षा एवं राष्ट्र निर्माण के कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।




