कानपुर में परिवार परामर्श केंद्र की पहल से बचा टूटा हुआ घर
■ वरिष्ठ उप निरीक्षक व टीम ने सुलझाया पारिवारिक विवाद, कोर्ट कचहरी के चक्कर से मिली राहत
रिपोर्ट – ओमप्रकाश उदैनियां
राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी आल इण्डिया पत्रकार एकता संघ
कानपुर। शहर के काकादेव क्षेत्र में एक परिवार को टूटने से बचाने का सराहनीय मामला सामने आया है। काकादेव स्थित कोतवाली में परमहंस स्कूल के सामने रहने वाली श्रीमती प्रियंका चौधरी पत्नी समीर गुप्ता उर्फ अमित गुप्ता ने अपने पति व सास के खिलाफ मारपीट व प्रताड़ना का प्रार्थना पत्र दिया था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पारिवारिक विवाद मानकर दोनों पक्षों को परिवार परामर्श केंद्र में बुलाया गया। यहां वरिष्ठ उपनिरीक्षक व केंद्र प्रभारी शिवकरन वर्मा के नेतृत्व में महिला उपनिरीक्षक अनीता सिंह एवं दीक्षा सिंह ने दोनों पक्षों की बात धैर्यपूर्वक सुनी।
बताया गया कि दंपति का विवाह अंतरजातीय होने के कारण मामला अधिक पेचीदा हो गया था और विवाद गहराता जा रहा था। हालांकि टीम की सूझबूझ, समझाइश और तार्किक संवाद के बाद दोनों पक्षों ने आपसी मतभेद भुलाकर साथ रहने की सहमति दे दी।
इस पहल से न केवल एक परिवार टूटने से बच गया, बल्कि वर्षों तक न्यायालय के चक्कर लगाने और धन की बर्बादी से भी राहत मिली।
राजेश शर्मा, प्रभारी निरीक्षक काकादेव कोतवाली, ने परिवार परामर्श केंद्र की टीम को इस सराहनीय कार्य के लिए बधाई दी।
स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस सकारात्मक पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में पारिवारिक मूल्यों को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।





