दिल्ली ब्लास्ट के बाद पूरे उत्तर भारत में हाई अलर्ट, राजस्थान-उत्तर प्रदेश में सुरक्षा कड़ी
नई दिल्ली/जयपुर/देवरिया सोमवार की शाम राजधानी दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास जोरदार धमाका हुआ, जिसमें 10 लोगों की मौत और कई के घायल होने की खबर है। घटना के बाद से दिल्ली सहित आसपास के राज्यों में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
पुलिस और अग्निशमन विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सात दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा। क्षेत्र को पूरी तरह से घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में पता चला है कि ब्लास्ट एक कार के अंदर हुआ था, जिसमें कुछ लोग पहले से मौजूद थे। हालांकि, कार में हुए विस्फोट के बाद किसी भी घायल के शरीर पर कीलें या तार नहीं मिले, जिससे यह संदेह गहराता जा रहा है कि धमाका किस प्रकार का था।
🔶 राजस्थान में बढ़ी सतर्कता
दिल्ली धमाके के बाद राजस्थान पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने सभी जिलों के डीसीपी/एसपी को विशेष निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा है कि रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, मॉल, धार्मिक स्थलों जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस तैनाती बढ़ाई जाए।
साथ ही बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वाड (BDS) और सीसीटीवी कंट्रोल रूम को भी सतर्क रहने के आदेश दिए गए हैं।
🔶 उत्तर प्रदेश में कड़ा सुरक्षा अभियान
दिल्ली ब्लास्ट के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है।
देवरिया जिले में पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने रातभर सघन चेकिंग अभियान चलवाया।
देवरा रोड, मालवीय रोड, रामनाला रोड, सुभाष चौक, राघव नगर और रेलवे स्टेशन रोड पर पुलिस ने वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच की।
एसपी ने कहा — “सुरक्षा में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस हर समय सतर्क रहेगी।”
🔶 नेपाल बॉर्डर और उत्तराखंड में भी अलर्ट
इंडो-नेपाल बॉर्डर पर सशस्त्र सीमा बल (SSB) और स्थानीय पुलिस ने निगरानी तेज कर दी है। हर आने-जाने वाले व्यक्ति की सघन जांच की जा रही है।
वहीं, उत्तराखंड में भी हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। भीड़भाड़ वाले बाजारों, रेलवे स्टेशनों और पर्यटन स्थलों पर पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।
👉 पूरे उत्तर भारत में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में हैं, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
रिपोर्ट: अख्तर अली
Focus News 24×7






