छात्रा का दूसरा हत्यारोपी गिरफ्तार,25 हजार का था इना
उरई । तीन दिन पहले एट कस्बे में परीक्षा देकर लौट रही बीए की छात्रा की बाइक सवार दो युवकों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने घटना के दिन ही मुख्य आरोपी राज को एनकाउंटर करते हुये गिरफ्तार कर लिया था। साथ ही हत्या में प्रयुक्त बाइक भी बरामद कर ली थी, जबकि राज का रिश्तेदार दूसरा आरोपी रोहित पुलिस गिरफ्त से फरार चल रहा था। एसपी ने फरार आरोपी पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। गुरुवार को आरोपी रोहित को भी तमंचे के साथ पकड़ लिया गया।
फिल्मी स्टाइल में किया गया मर्डर
ऐंधा गांव की रहने वाली बीए सेकेंड ईयर की छात्रा 20 वर्षीय रोशनी अहिवार बीती सोमवार को परीक्षा देकर लौट रही थी, तभी पल्सर बाइक सवार दो युवकों ने उसे रोक लिया। देखते ही देखते दोनों ने उसके सिर पर तमंचा सटाकर गोली मार दी, जिससे रोशनी की मौके पर ही मौत हो गई। पूरा मर्डर फिल्मी स्टाइल में किया गया। मर्डर की सूचना पर मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल जा पहुंचा। परिजनों से बयान लिया गया। मामले में लव अफेयर की बात निकलकर सामने आई। इसके बाद पुलिस ने एसओजी सर्विलांस व एट थाना पुलिस टीम को सक्रिय किया।
अगले दिन यानि कि मंगलवार को पुलिस एनकाउंटर में आरोपी राज घायल हो गया। पुलिस की मानें तो राज उर्फ अतीश ने प्रभारी निरीक्षक ऐट की सरकारी पिस्टल छीन कर पुलिस बल हमला कर दिया। बचाव में पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की। इसमें एक गोली राज के पैर में जा लगी। इसके बाद वह भागने में नकामयाब रहा। पुलिस ने राज को गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।
राज ने उसी समय हत्या में उसके साथ रोहित उर्फ गोविंदा के शामिल होने की बात बताई थी। गोविंदा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही थी। गोविंदा पर बुधवार को पुलिस अधीक्षक ने 25 हजार का इनाम रखा। इसके बाद गुरुवार को गोविंदा को भी पुलिस ने पकड़ लिया। एसपी डॉ. इरज राजा ने बताया कि रोहित के पास से एक तमंचा और तीन कारतूस भी बरामद किए गए हैं। उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
छात्रा रोशनी का संबंध आरोपी राज से सोशल मीडिया के जरिए हुआ था। साथ ही छात्रा की मौसी का घर आरोपी के गांव में ही था। यहीं दोनों की मुलाकात हुई थी। आरोपी राज की छात्रा से शादी तय हो गई थी। मगर, किसी कारण से शादी कैंसिल हो गई थी। इसके बावजूद आरोपी लगातार छात्रा पर शादी का दबाव बना रहा था। इसी कारण उसने गोली मारकर हत्या की।




