आखिर क्यों नहीं थम रहे सड़क हादसे?
■ जालौन में फिर रफ्तार का कहर, लोडर और बाइक की भिड़ंत में चार घायल, दो की हालत गंभीर
जालौन। जिले में तेज रफ्तार का कहर लगातार जारी है। एक बार फिर सड़क दुर्घटना ने कई परिवारों की खुशियां छीनने की कोशिश की। ग्राम सहाव के पास ऊमरी रोड पर लोडर और मोटरसाइकिल की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
बताया जा रहा है कि ग्राम भेंड से वहराई पूजा करने जा रहे एक ही परिवार के चार लोग, जिनमें दो बच्चे भी शामिल थे, मोटरसाइकिल पर सवार थे। इसी दौरान सामने से आ रहे लोडर से उनकी टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची 108 एम्बुलेंस सेवा ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जालौन पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें उच्च संस्थान रेफर कर दिया।
परिजनों का कहना है कि हादसा इतना भीषण था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और घायलों की चीख-पुकार से पूरा क्षेत्र दहल उठा। वहीं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. रंजीत ने बताया कि सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया, जिनमें दो की स्थिति गंभीर होने के कारण बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
आखिर क्यों नहीं थम रहे सड़क हादसे?
लगातार बढ़ती तेज रफ्तार, क्षमता से अधिक सवारी, यातायात नियमों की अनदेखी, हेलमेट का उपयोग न करना और लापरवाही से वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण बनते जा रहे हैं। यदि वाहन चालक गति सीमा का पालन करें, हेलमेट पहनें, ओवरलोडिंग से बचें और सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं, तो ऐसे कई हादसों को रोका जा सकता है।
रिपोर्ट: महेश चौधरी, जालौन






