Spread the love

रेस्टोरेंट-सभासद विवाद में नया मोड़, पूर्व पालिकाध्यक्ष पर साजिश रचने के गंभीर आरोप

 

उरई (जालौन)। नगर पालिका से जुड़े रेस्टोरेंट-सभासद विवाद ने अब एक नया और चौंकाने वाला मोड़ ले लिया है। सभासद के परिजनों ने पूर्व पालिकाध्यक्ष और उनके साथियों पर गहरी साजिश रचने और फर्जी मुकदमे में फंसाने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) से न्याय की गुहार लगाई है।

परिजनों का आरोप है कि एक कोर्ट में विचाराधीन मामले में समझौता न करने पर उन्हें षड्यंत्रपूर्वक झूठे मुकदमे में फंसाया गया है। उन्होंने दावा किया कि पूर्व पालिकाध्यक्ष ने रेस्टोरेंट संचालक से सांठगांठ कर व्यापारियों को गुमराह किया और सभासद की छवि को धूमिल करने की कोशिश की।

गौरतलब है कि तड़का रेस्टोरेंट के संचालक ने कुछ दिन पूर्व सभासद पर धमकाने और अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हुए शिकायत की थी। अब सभासद के परिजनों ने पलटवार करते हुए इसे पूरी तरह से एक सोची-समझी साजिश बताया है। उनका कहना है कि पूर्व पालिकाध्यक्ष निजी स्वार्थ के लिए ‘उल्लू सीधा’ करने में लगे हैं और राजनीतिक रंजिश के चलते सभासद को फंसाने की कोशिश की जा रही है।

पीड़ित पक्ष ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए एसपी को शिकायती पत्र सौंपा है। परिजनों ने यह भी चेतावनी दी है कि अगर जल्द न्याय नहीं मिला तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।

Share.

कार्तिकेय गुबरेले(पत्रकार) जिला ब्यूरो चीफ क्राइम फोकस न्यूज 24×7 उरई (जालौन)