उरई से दिल्ली के लिए जल्द शुरू हो सकती है सीधी ट्रेन सेवा – सपा सांसद

 

उरई (जालौन): समाजवादी पार्टी (सपा) सांसद नारायणदास अहिरवार ने हाल ही में केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर उरई से संबंधित महत्वपूर्ण समस्याओं को उठाया। उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से 50 किलोमीटर की दूरी पर स्थित दो टोल प्लाजा में से एक को हटाने और झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 552 का विस्तार स्वीकृत करने की मांग की। वहीं, रेल मंत्री से श्रम शक्ति एक्सप्रेस का रूट उरई तक बढ़ाने की अपील की, जिससे दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन सेवा उपलब्ध हो सके।

 

सड़क परिवहन मंत्री से टोल प्लाजा और सड़क विस्तार की मांग

सांसद नारायणदास अहिरवार ने नितिन गडकरी को बताया कि जालौन जिले में आटा और एट के बीच 60 किलोमीटर के अंतर पर दो टोल प्लाजा स्थित हैं, जिससे लोगों को अनावश्यक आर्थिक बोझ उठाना पड़ रहा है। उन्होंने इनमें से एक टोल प्लाजा को हटाने की मांग की। साथ ही, तहसील लहार (भिंड) से उरई तक झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 552 के विस्तार की अनुमति देने की अपील की। उन्होंने यह भी कहा कि ग्वालियर से कानपुर के बीच यह मार्ग सबसे कम दूरी वाला और आर्थिक दृष्टि से लाभकारी हो सकता है।

 

रेल मंत्री से उरई से दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन की मांग

रेल मंत्री से चर्चा करते हुए सांसद ने उरई और आसपास के क्षेत्रों में रेल सेवाओं की कमी पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि दिल्ली जाने के लिए सीधी रेल सेवा न होने के कारण स्थानीय लोगों को परेशानी होती है। यदि कानपुर से चलने वाली श्रम शक्ति एक्सप्रेस का रूट बढ़ाकर उरई तक कर दिया जाए, तो यात्रियों को बड़ी राहत मिल सकती है।

 

मंत्रियों ने दिया आश्वासन

सांसद ने बताया कि केंद्रीय मंत्रियों ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना और समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान सपा नेता राजीव शर्मा, रामबाबू कठेरिया, सनी यादव और प्रताप यादव बजरिया भी उपस्थित रहे।

 

यह पहल यदि सफल होती है, तो उरई और आसपास के लोगों को यातायात और आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।

 

Share.

कार्तिकेय गुबरेले(पत्रकार) जिला ब्यूरो चीफ क्राइम फोकस न्यूज 24×7 उरई (जालौन)