जालौन जिले में गुरुवार को शॉर्ट सर्किट की वजह से एक झोपड़ी में आग लग गई, जिससे झोपड़ी जलकर राख हो गई। इस दौरान, झोपड़ी के नीचे खेल रहे दो मासूम भाई आग की चपेट में आ गए, जिससे उनकी जलकर मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही रामपुरा थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने दोनों मासूमों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
यह दर्दनाक घटना रामपुरा थाना क्षेत्र के गांव बहराई की है। यहां के निवासी दयाशंकर के 4 वर्षीय बेटे कन्हैया और 1 वर्षीय बेटे सूरज घर के अंदर खेल रहे थे, तभी शॉर्ट सर्किट के कारण घर की छत पर आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि जलता हुआ छप्पर दोनों बच्चों के ऊपर गिर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घर के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर के बाद ही आग पर काबू पाया जा सका।

घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। माधौगढ़ के एसडीएम सुरेश पाल, सीओ राम सिंह, और रामपुरा थाना प्रभारी संजीव कटियार ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की और बच्चों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाए। डीएम और एसपी ने भी घटनास्थल का दौरा किया और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। इस हादसे के बाद बच्चों के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।




