यूपी बोर्ड परीक्षा 2025: एस.आर. बालिका इंटर कॉलेज, उरई की कल्पना तिवारी जनपद टॉपर

उरई, 25 अप्रैल 2025: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) द्वारा घोषित वर्ष 2025 की हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा परिणामों में एस.आर. बालिका इंटर कॉलेज, उरई की छात्रा कल्पना तिवारी ने 94% अंक अर्जित कर जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

इसी विद्यालय के एस.आर. इंटर कॉलेज के छात्र अनुज कुमार ने 90.8% अंक प्राप्त कर जनपद में पांचवां तथा बलराम ने 89.2% अंक अर्जित कर दसवां स्थान हासिल किया है।

विद्यालय के प्रबंधक श्री अशोक कुमार राठौर ने जानकारी देते हुए बताया कि इंटरमीडिएट परीक्षा में बालिका विद्यालय से 201 छात्राएं सम्मिलित हुईं, जिनमें से सभी छात्राएं सफल रहीं। हाई स्कूल परीक्षा में 159 छात्राओं ने भाग लिया और वे भी शत-प्रतिशत उत्तीर्ण रहीं।

ऑनर्स (सम्मान) परीक्षा में इंटरमीडिएट की 114 छात्राओं और हाई स्कूल की 95 छात्राओं ने सफलता प्राप्त की है।

बालक वर्ग में इंटरमीडिएट के 263 में से 250 छात्र तथा हाई स्कूल के 200 में से 196 छात्र उत्तीर्ण हुए हैं, जो विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को दर्शाता है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री रमाकांत द्विवेदी ने उत्कृष्ट परीक्षा परिणामों पर समस्त सफल छात्र-छात्राओं को मिठाई खिलाकर व माल्यार्पण कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा, “यह सफलता विद्यार्थियों की कठिन परिश्रम, शिक्षकों की समर्पित मेहनत और अभिभावकों के सहयोग का प्रतिफल है। हम सभी बच्चों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हैं।”

Share.

कार्तिकेय गुबरेले(पत्रकार) जिला ब्यूरो चीफ क्राइम फोकस न्यूज 24×7 उरई (जालौन)